हाथरस। शहर की गौतम विहार कॉलोनी समेत कई इलाकों में बिजली मीटर को लेकर उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है। उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया है कि उनकी सहमति के बिना पोस्टपेड मीटर हटाकर प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं।
अधिवक्ता एवं पूर्व बार अध्यक्ष अजय कुमार भारद्वाज ने प्रेस वार्ता कर बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।उन्होंने बताया कि उनके घर और दुकान पर लगे पोस्टपेड मीटर बिना अनुमति हटा दिए गए और उनकी जगह प्रीपेड मीटर लगा दिए गए, जिससे उन्हें बार-बार बिजली कटौती और बिलिंग संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने इसे उपभोक्ता अधिकारों का उल्लंघन बताते हुए कहा कि इससे आम लोगों को आर्थिक और मानसिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। इस संबंध में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रार्थना-पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
प्रार्थना-पत्र में विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 47(5) का हवाला देते हुए कहा गया है कि उपभोक्ताओं को पोस्टपेड और प्रीपेड दोनों प्रकार के मीटर में से विकल्प चुनने का अधिकार है। इसके बावजूद विभाग द्वारा जबरन स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने और उपभोक्ताओं के लिए पोस्टपेड व्यवस्था बहाल करने की मांग की है।









