जिलाधिकारी अतुल वत्स की अध्यक्षता में यूपी पुलिस भर्ती एवं होमगार्ड एनरोलमेंट-2025 की लिखित परीक्षा को निष्पक्ष पारदर्शी और सकुशल संपन्न करने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण बैठक हुई आयोजित

0
66

 

हाथरस, 21 अप्रैल 2026। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित होमगार्ड एनरोलमेंट-2025 की लिखित परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी अतुल वत्स ने की, जिसमें पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा सहित सभी मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी कर्मचारी अपनी ड्यूटी पर समय से उपस्थित रहें और परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, बिजली, शौचालय और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, अभ्यर्थियों की सघन जांच के लिए प्रत्येक केंद्र पर फ्रिस्किंग अनिवार्य करने और महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला कर्मियों से कराने के निर्देश दिए गए।

परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर हेल्प डेस्क स्थापित करने तथा परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए मैप लगाने के निर्देश भी दिए गए। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और टीवी स्क्रीन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने और संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता भंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जिला विद्यालय निरीक्षक ने जानकारी दी कि परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल को छह पालियों में आयोजित होगी। जनपद में 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां हजारों अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा की निगरानी के लिए मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और अन्य कर्मचारियों की तैनाती कर दी गई है।
बैठक के अंत में अधिकारियों ने परीक्षा को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने का भरोसा दिलाया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here