हाथरस के नगला अलगजी गांव में पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग किशोरी की शादी रुकवा दी। देर रात मिली सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और चल रही शादी की रस्मों को तुरंत बंद करा दिया। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इगलास से आई बारात को बिना दुल्हन के ही वापस लौटना पड़ा।
बताया जा रहा है कि यह शादी हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के नगला अलगजी गांव में हो रही थी। नाबालिग विवाह की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और किशोरी को अपनी सुरक्षा में लेकर वन स्टॉप सेंटर भेज दिया।
बाल कल्याण समिति के समक्ष मामला
इस पूरे मामले को अब बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। समिति दस्तावेजों के आधार पर किशोरी की उम्र का सत्यापन कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार किशोरी की उम्र करीब 17 वर्ष बताई जा रही है।
समिति के सामने किशोरी के परिवार के सदस्य भी पेश हुए हैं। बताया गया कि किशोरी के पिता मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं और वह उनकी सबसे बड़ी बेटी है। उम्र सत्यापन के बाद बाल कल्याण समिति आगे की कार्रवाई और निर्णय लेगी।









