शनकी आशिक की वजह से 19 वर्षीय बीएससी फाइनल ईयर की छात्रा ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी

0
51

 

हाथरस। थाना सिकंदराराऊ क्षेत्र के गांव नगला खुशहाल में एक दुखद घटना सामने आई है, जहां बीएससी फाइनल ईयर की 19 वर्षीय छात्रा ने एकतरफा प्रेम से परेशान होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई और परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार गांव निवासी योगेंद्र सिंह की बेटी आरती बीएससी अंतिम वर्ष की छात्रा थी। बीती रात उसने अपने घर के कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। बताया जा रहा है कि घटना के समय परिजन एक शादी समारोह में गए हुए थे और युवती घर पर अकेली थी, इसी दौरान उसने यह कदम उठा लिया।

घटना की सूचना मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि युवती की फोन पर कासगंज जनपद के पटियाली क्षेत्र के एक युवक से बातचीत होती थी, जो उसका दूर का रिश्तेदार बताया जा रहा है। युवक द्वारा एकतरफा प्रेम किए जाने और किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद युवती के इस कदम उठाने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं पर गंभीरता से पड़ताल की जा रही है। युवती की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here