हाथरस। बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर गंगा स्नान के लिए जा रहे पति-पत्नी को रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना थाना सिकंद्राराऊ क्षेत्र के कासगंज रोड स्थित गांव नावली के पास की है। बताया जाता है कि बसाई बावस निवासी 25 वर्षीय विजेंद्र पुत्र कप्तान सिंह अपनी 22 वर्षीय पत्नी नीरज के साथ कासगंज के कछला घाट गंगा स्नान के लिए जा रहे थे, तभी कासगंज डिपो की रोडवेज बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सिकंद्राराऊ पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने विजेंद्र को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल नीरज को प्राथमिक उपचार के बाद अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जा रहा है कि दंपति के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं, जिनके सिर से पिता का साया उठ गया है, वहीं महिला की हालत भी नाजुक बनी हुई है।









