गांव पहाड़पुर में हुई वृद्ध की हत्या का पुलिस ने 24 घंटे के अंदर खुलासा करते हुए आरोपी को किया गिरफ्तार

0
39

 

हाथरस जंक्शन क्षेत्र के ग्राम पहाड़पुर में हुई एक सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने मात्र 24 घंटे के अंदर सफल अनावरण कर दिया। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए हत्या में प्रयुक्त आलाकत्ल कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।

यह घटना 27 और 28 अप्रैल 2026 की रात की है, जब जगदीश प्रसाद शर्मा नामक व्यक्ति, जो अपने घर में अकेले रहते थे, की अज्ञात व्यक्ति द्वारा हत्या कर दी गई थी। घटना की सूचना उनके दामाद लक्ष्मण कुमार शर्मा द्वारा पुलिस को दी गई, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में कई टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय जांच के आधार पर तेजी से कार्रवाई करते हुए 29 अप्रैल को आरोपी कपिल शर्मा को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतक उसका ताऊ था और दोनों के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। तीन साल पहले ताऊ द्वारा दिलाया गया ट्रैक्टर वापस ले लिया गया था और पांच लाख रुपये की मांग को लेकर दोनों में तनाव था। इसी विवाद के चलते आरोपी ने हत्या की योजना बनाई।

घटना की रात आरोपी पहले अपने ताऊ के घर गया, सेवा के बहाने उनके हाथ-पैर दबाए और सो जाने के बाद चुपचाप दरवाजा खोलकर वापस लौट गया। बाद में कुल्हाड़ी लेकर वापस आया और सोते समय उनके सिर पर वार कर उनकी हत्या कर दी।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

इस सफल कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा पूरी टीम को 25,000 रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here