हाथरस। बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर डॉ. आंबेडकर जनकल्याण समिति द्वारा अलीगढ़ रोड स्थित खंदारी गढ़ी अंबेडकर पार्क में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में समिति ने 8 जोड़ों का विवाह बौद्ध धर्म की रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया।
कार्यक्रम में दलित समाज के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। समाज के लोगों ने गरीब बेटियों के विवाह में दहेज का आवश्यक सामान देकर सहयोग किया और नवविवाहित जोड़ों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सामूहिक विवाह के दौरान भंते जी ने मंत्रोच्चारण के साथ बौद्ध परंपराओं के अनुसार विवाह संपन्न कराया। वर-वधु ने एक-दूसरे को माला पहनाकर वैवाहिक जीवन की शुरुआत की। समिति के पदाधिकारियों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए सम्मानित भी किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एआरटीओ लक्ष्मण प्रसाद उपस्थित रहे। इसके अलावा समिति के अध्यक्ष मुन्नीलाल, कोषाध्यक्ष भजनलाल, सचिव राकेश प्रबल, शोभायात्रा अध्यक्ष लोकेंद्र सिंह, पंकज प्रेमाकर, सुषमा सिंह, पप्पू प्रकाश, गिर्राज सिंह, हर्षवर्धन, सचिन कुमार, डॉ. राहुल कुमार सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इस अवसर पर धम्म चर्चा भी आयोजित की गई, जिसमें बौद्ध धर्म के सिद्धांतों और समाजिक एकता पर विचार-विमर्श किया गया।









