हाथरस। हाथरस जंक्शन क्षेत्र के महौं गांव के निकट शुक्रवार दोपहर एक टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में आठ लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार टेंपो एटा के जलेसर से सवारियां लेकर हाथरस जंक्शन आ रहा था। महौं गांव के पास एक बाइक को बचाने के प्रयास में टेंपो चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे टेंपो पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सवारियों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को 108 एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया।
घायलों में पवलोई हाथरस जंक्शन निवासी 3 वर्षीय दिव्यांशी पुत्री कपूर चौधरी, 28 वर्षीय नीतू पत्नी कपूर चौधरी, थाना इगलास (जिला अलीगढ़) के किशनपुर निवासी 5 वर्षीय आर्यन पुत्र दिनेश, 7 वर्षीय अश्वनी पुत्र दिनेश, 35 वर्षीय दिनेश, 44 वर्षीय विजय सिंह, 18 वर्षीय अभिषेक पुत्र विजय सिंह तथा थाना सकरौली (जिला एटा) के गहला निवासी 60 वर्षीय पुष्पा पत्नी फूल सिंह शामिल हैं। सभी का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।









