दिनदहाड़े चोरी की वारदात को बदमाशों ने दिया अंजाम, पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी

0
13

 

सिकंदराराऊ के पुराने डाकखाने के पास स्थित एक गली में शुक्रवार दोपहर दिनदहाड़े चोरी की वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार शीलू देवी पत्नी ललित कुमार अपने पति और ससुर अशोक कुमार के साथ किराए के मकान में रह रही थीं। पास ही उनका खुद का मकान निर्माणाधीन है, जिसे देखने के लिए तीनों घर की कुंडी लगाकर कुछ समय के लिए गए थे।

इसी दौरान चोरों ने मौके का फायदा उठाया और दरवाजे की कुंडी खोलकर घर में प्रवेश कर लिया। चोरों ने कमरे में रखी सेफ को खंगालते हुए उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात—अंगूठियां, लॉकेट, तोड़िया समेत करीब 6 हजार रुपये की नकदी पार कर दी। खास बात यह रही कि चोरों ने बेहद कम समय में वारदात को अंजाम दिया और किसी को भनक तक नहीं लगी।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिससे गली में भीड़ लग गई। दिनदहाड़े हुई इस चोरी से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस गली में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। कोतवाली प्रभारी शिव कुमार शर्मा ने बताया कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं पीड़ित परिवार ने पुलिस से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here