सड़क पर गिरे विद्युत पोल से टकराकर बाइक सवार युवक की मौत,परिजनों में मचा कोहराम

0
15

हाथरस।उत्तर प्रदेश के सासनी क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 30 वर्षीय युवक की जान चली गई। गुरुवार को आई भीषण आंधी के कारण श्रद्धा नगला गांव में एक भारी-भरकम विद्युत पोल टूटकर सड़क पर गिर गया था, जिससे शनिवार दोपहर एक बाइक सवार टकरा गया। इस हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। और उसको सीएचसी उपचार के लिए लाया गया। जहां डॉक्टरों ने उससे मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद मृतक के परिवार में चीख-पुकार मच गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम छौंड़ा निवासी अनिल (30 वर्ष) पुत्र प्रताप सिंह उर्फ पप्पू फौजी शनिवार दोपहर अपनी बाइक से सासनी से वापस अपने गांव लौट रहा था। जैसे ही वह श्रद्धा नगला के पास पहुंचा, सड़क पर पहले से गिरे हुए बिजली के पोल से उसकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। अनिल गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीण आनन-फानन में उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सासनी पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अनिल अपने पीछे तीन मासूम बेटों और पत्नी को छोड़ गया है, वह मजदूरी कर परिवार का पेट पालता था।

ग्रामीणों में इस घटना को लेकर भारी रोष व्याप्त है। स्थानीय निवासी दिनेश कुमार का आरोप है कि गुरुवार को आंधी में पोल गिरने के तुरंत बाद 1912 पर विद्युत विभाग को शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन दो दिन बीत जाने के बाद भी पोल को रास्ते से नहीं हटाया गया। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
इधर, विद्युत विभाग के एसडीओ ने मामले पर सफाई देते हुए इसे एक दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना करार दिया है।

उनका कहना है कि दैवीय आपदा के कारण क्षेत्र में कई पोल गिरे थे, जिन्हें बदलने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने तर्क दिया कि पोल सड़क पर पड़ा था और स्पष्ट दिखाई दे रहा था, इसलिए यह एक सड़क दुर्घटना है। अधिकारी ने बताया कि सरकारी प्रक्रिया और संसाधनों की कमी के कारण पोल बदलने में समय लगा, हालांकि कस्बे की सप्लाई बहाल करने के बाद अब ग्रामीण क्षेत्रों में कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। कल सुबह तक संबंधित क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति सुचारू कर दी जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here