हाथरस।नवजात बच्चे के जन्म की खुशी में मिठाई बांट रहे एक परिवार पर दबंगों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मामला हाथरस के कोतवाली सिकंदराराऊ क्षेत्र के मटकोटा मोहल्ले का है, जहां एक परिवार अपने घर में नवजात बच्चे के जन्म की खुशी मना रहा था और आस-पड़ोस में मिठाई बांट रहा था।
इसी दौरान कुछ दबंग वहां पहुंचे और किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दबंगों ने घर में घुसकर परिवार के लोगों पर हमला बोल दिया।
आरोप है कि दबंगों ने महिलाओं के साथ भी मारपीट की और पूरे परिवार को बेरहमी से पीटा। घटना के दौरान मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी वारदात का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़ित परिवार ने थाना पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की बात कही जा रही है।









