हाथरस।उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया।
यह कार्यक्रम लखनऊ स्थित लोकभवन में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह के साथ जुड़कर संपन्न हुआ। समारोह में जिले के कुल 23 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इनमें हाईस्कूल के 13 तथा इंटरमीडिएट के 10 छात्र-छात्राएं शामिल रहे। सभी मेधावियों को 21-21 हजार रुपये का चेक, प्रशस्ति पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
वक्ताओं ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता पूरे जिले के लिए गौरव की बात है और उनकी मेहनत अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
इस अवसर पर सदर विधायक अंजुला माहौर, सिकंदराराऊ विधायक वीरेंद्र सिंह राणा, सादाबाद विधायक प्रदीप चौधरी, जिलाधिकारी अतुल वत्स, अपर जिलाधिकारी प्रकाश चंद्र, मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित, जिला विद्यालय निरीक्षक सहित छात्र-छात्राओं के अभिभावक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान मेधावी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।









