हाथरस। थाना सादाबाद क्षेत्र के अलीगढ़-आगरा रोड स्थित गांव बढ़ार चौराहे के निकट सड़क पार करते समय एक अज्ञात वाहन ने व्यक्ति को टक्कर मार दी। हादसे में व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, 45 वर्षीय अतुल कुमार पुत्र रामवीर सिंह निवासी महमूदपुर जाटान, थाना चंदपा, किसी कार्य से सादाबाद जा रहे थे। इसी दौरान बढ़ार चौराहे के पास सड़क पार करते समय एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उनकी गंभीर चोटों के कारण मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन मौके पर पहुंच गए, जहां परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस अज्ञात वाहन चालक की तलाश में जुट गई है और मामले की जांच की जा रही है।









