हाथरस। जनपद की आशा कार्यकर्ताओं ने मानदेय का भुगतान न होने, वेतन वृद्धि तथा स्थायी कर्मचारी का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आशाओं ने बताया कि मार्च 2026 से उनका मानदेय रुका हुआ है और पिछले तीन माह से उन्हें कोई भुगतान नहीं मिला है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
आशा कार्यकर्ताओं ने कहा कि भीषण गर्मी, बारिश और अन्य विषम परिस्थितियों में भी वे क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कार्यों का निर्वहन कर रही हैं, लेकिन समय पर मानदेय न मिलने से उनके परिवारों का भरण-पोषण प्रभावित हो रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 31 मई 2026 तक उनका बकाया भुगतान नहीं किया गया तो 1 जून 2026 से वे टीकाकरण सहित अन्य सरकारी कार्यों का बहिष्कार करने को मजबूर होंगी।
ज्ञापन में आशाओं ने यह भी मांग की कि उनका मानदेय बढ़ाया जाए, उन्हें स्थायी किया जाए तथा राज्य कर्मचारी का दर्जा प्रदान किया जाए। उनका कहना है कि वर्ष 2017 से वे आयुष्मान कार्ड और आधार कार्ड सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं में लगातार कार्य कर रही हैं, लेकिन उन्हें न तो उचित मानदेय मिल रहा है और न ही सम्मानजनक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
आशा कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी से उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान कर बकाया मानदेय का भुगतान कराने तथा उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की है।









