हाथरस विकासखंड सभागार में ब्लॉक बाल संरक्षण समिति एवं बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत बैठक और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बाल विवाह रोकथाम, महिला सशक्तिकरण और सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक किया गया।
बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख पूनम पांडे ने की। उन्होंने कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में सफलता हासिल कर रही हैं, इसलिए उन्हें आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और बाल विवाह जैसी कुप्रथाओं को रोकने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
बैठक में महिला कल्याण विभाग की डीएमसी मोनिका दीक्षित ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, स्पॉन्सरशिप एवं फोस्टर केयर योजना सहित महिलाओं और बच्चों से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और आपातकालीन सेवा 112 के बारे में भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों की भूमिका, महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण और सामाजिक भेदभाव को समाप्त करने पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर महिला कल्याण विभाग के अधिकारी, पुलिस विभाग के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां मौजूद रहीं।









