हाथरस। जनपद हाथरस की पुलिस लाइन स्थित डीसीआरबी कार्यालय में तैनात वर्ष 2016 बैच के सिपाही मनु चौधरी की सोमवार शाम रेल हादसे में मौत हो गई। बताया गया है कि ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह पुलिस लाइन के सामने मेडू रोड स्थित रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे। इसी दौरान मथुरा से कासगंज की ओर जा रही ट्रेन संख्या 05061 अछनेरा-टनकपुर स्पेशल की चपेट में आ गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही हाथरस गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सिपाही को उपचार के लिए बागला जिला अस्पताल भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी।
मृतक सिपाही मनु चौधरी मूल रूप से गाजियाबाद जनपद के निवासी थे। उनकी पत्नी भी हाथरस पुलिस कार्यालय में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट में तैनात हैं। वर्तमान में उनका परिवार गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) में रह रहा है। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। सिपाही की असामयिक मौत से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है।









