सिकंदराराऊ क्षेत्र में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। ताजा मामला गांव गिनौली किशनपुर का है, जहां बीती रात अज्ञात चोरों ने किसानों की खेतों में लगी मोटरों पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की इस घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार गांव गिनौली किशनपुर निवासी गिरीश कुमार ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वह शुक्रवार रात करीब 10 बजे अपने खेत से घर लौटे थे। शनिवार सुबह जब वह दोबारा खेत पर पहुंचे तो वहां लगी मोटर गायब मिली। जांच करने पर पता चला कि अज्ञात चोर उनकी और उनके एक साथी किसान की मोटर चोरी कर ले गए हैं।
पीड़ित किसानों का कहना है कि चोरी की ऐसी घटनाएं क्षेत्र में पहले भी हो चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से चोरों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं। लगातार हो रही चोरियों से किसानों में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
किसानों ने पुलिस से जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले का खुलासा कब तक कर पाती है और किसानों को राहत दिलाने में कितनी सफल साबित होती है।









