सासनी। केंद्र सरकार के 12 वर्षों के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के उपलक्ष्य में शुक्रवार देर शाम सासनी विकास खंड की ग्राम पंचायतसासनी देहात के माजरा नगला ताल में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया।
सदर विधायक अंजुला माहौर की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी सड़क, कृषि, बिजली, पेयजल और आवास संबंधी समस्याओं को गंभीरता से सुना।
विधायक ने संबंधित अधिकारियों को सभी शिकायतों का त्वरित और प्रभावी समाधान करने के कड़े निर्देश दिए। चौपाल के दौरान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही गर्भवती महिला सुरभी वार्ष्णेय की गोद भराई और बालक सिद्धार्थ का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया गया।
समापन अवसर पर जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस अवसर पर एसडीएम नीरज शर्मा, बीडीओ अनुज मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।









