सिकंद्राराऊ।नगर के पंत चौराहा स्थित शराब ठेके पर गुरुवार रात शराब की कीमत को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। घटना में मूड़ा नोजलपुर गांव निवासी चार युवक घायल हो गए। मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जबकि पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।
घायलों अंशुल, हरीश, संजय और विपिन के अनुसार, गुरुवार शाम करीब आठ बजे एक युवक शराब का क्वार्टर खरीदने ठेके पर पहुंचा था। आरोप है कि 130 कीमत वाले क्वार्टर के बदले 150 मांगे गए। इसका विरोध करने पर कहासुनी हो गई, जो बाद में विवाद में बदल गई। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि ठेका कर्मचारियों ने अन्य लोगों के साथ मिलकर मारपीट की और बीच-बचाव करने पहुंचे युवकों को ठेके के अंदर बंद कर लाठी-डंडों से पीटा गया।
घायल युवक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां उनका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। घायलों का दावा है कि एक्स-रे जांच में हाथ, कंधे और पसलियों में गंभीर चोटें तथा कुछ मामलों में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
दूसरी ओर, ठेका स्वामी ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कुछ युवक एक साथ ठेके के अंदर घुसने का प्रयास कर रहे थे। कर्मचारियों को आशंका थी कि वे लूटपाट की नीयत से आए हैं। इसी कारण उन्हें रोकने का प्रयास किया गया और स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को सूचना दी गई।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शिव कुमार शर्मा ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और ठेके पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने कहा है कि मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।









