हाथरस पुलिस को अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक और सफलता मिली है। थाना सादाबाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक शातिर अभियुक्त को अवैध तमंचे और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया ।
पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत, अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी सादाबाद के निकट पर्यवेक्षण में थाना सादाबाद पुलिस द्वारा चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान कुंजलपुल मोड़ के पास से एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया गया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक अवैध 12 बोर तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान पंकज देशवाल पुत्र राकेश सिंह निवासी ग्राम रमचेला, थाना सादाबाद, जनपद हाथरस के रूप में हुई है।
बरामदगी के आधार पर थाना सादाबाद में आरोपी के विरुद्ध आयुध अधिनियम की धारा 3/25 के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई है।
इस पूरी कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह एवं उनकी पुलिस टीम ने अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।









