हाथरस में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त जारी होने के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद हाथरस अनूप प्रधान वाल्मीकि ने की।
इस अवसर पर सदर विधायक अंजुला माहौर, सिकंद्राराऊ विधायक वीरेंद्र सिंह राना, सादाबाद विधायक प्रदीप सिंह गुड्डू सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान पश्चिम बंगाल के तारकेश्वर, हुगली से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त जारी किए जाने का सीधा प्रसारण दिखाया गया।उपस्थित किसानों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने प्रधानमंत्री के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना।
इस मौके पर सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों के कल्याण और आर्थिक समृद्धि के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान करने वाली एक महत्वपूर्ण योजना है, जिससे करोड़ों किसानों को प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है।
कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने किसानों को 23वीं किस्त जारी होने पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर किसान सम्मान निधि प्राप्त कर रहे 10 किसानों को सम्मान स्वरूप प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।









