हाथरस में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार सुबह जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में भव्य योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर योग के महत्व को आत्मसात किया।
कार्यक्रम में गौसेवा आयोग के सदस्य दीपक गोयल, सांसद अनूप प्रधान, सदर विधायक अंजुला माहौर, सादाबाद विधायक प्रदीप कुमार चौधरी (गुड्डू चौधरी), जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने प्रशिक्षकों के निर्देशन में प्राणायाम, ध्यान और विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास किया।
इस दौरान वक्ताओं ने योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए इसे स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार बताया। उन्होंने लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित योग करने का संकल्प लिया। जिले के विभिन्न सरकारी कार्यालयों और सामाजिक संस्थाओं में भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया।









