हाथरस।भारतीय किसान यूनियन (टीकैत) ने आलू उत्पादक किसानों की समस्याओं को लेकर बुधवार को सादाबाद में प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम संबोधित ज्ञापन सादाबाद विधायक प्रदीप चौधरी उर्फ गुड्डू भैया को सौंपा।
इससे पहले किसानों ने आलू के गिरते दामों और आर्थिक बदहाली के विरोध में मथुरा अड्डा स्थित चौधरी चरण सिंह प्रतिमा स्थल से विधायक कार्यालय तक सांकेतिक रूप से आलू की शवयात्रा निकाली और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
ज्ञापन में भाकियू ने कहा कि आगरा, अलीगढ़, मेरठ और कानपुर मंडल प्रदेश के प्रमुख आलू उत्पादक क्षेत्र हैं, जहां पिछले वर्ष से आलू के लगातार गिरते दामों के कारण किसान भारी आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिलने से आलू की खेती घाटे का सौदा बनती जा रही है।
संगठन ने मुख्यमंत्री से किसानों का कोल्ड स्टोरेज किराया माफ करने, सरकार द्वारा 20 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से आलू की खरीद सुनिश्चित करने तथा भारत से पड़ोसी देशों को सरकारी स्तर पर आलू के निर्यात की व्यवस्था कराने की मांग की।
इसके अलावा आलू उत्पादक क्षेत्रों में दो-दो आलू प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने, किसानों को समय पर डीएपी और यूरिया उपलब्ध कराने, किसान रजिस्ट्री की प्रक्रिया तत्काल प्रभाव से बंद करने, आधार कार्ड एवं खतौनी के आधार पर उर्वरक उपलब्ध कराने तथा 50 किलोग्राम वाली यूरिया की बोरी दोबारा उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई।
भाकियू पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो संगठन किसानों के हित में व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होगा।
विधायक प्रदीप चौधरी उर्फ गुड्डू भैया ने ज्ञापन प्राप्त कर किसानों को आश्वस्त किया कि उनकी सभी मांगों को मुख्यमंत्री तक गंभीरता से पहुंचाया जाएगा तथा किसानों के हित में उचित कार्रवाई का आग्रह किया जाएगा।










