हाथरस। पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के बीच जिलाधिकारी अतुल वत्स ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर जल निकासी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ तालाब चौराहा, पंजाबी मार्केट, ढाकपुरा रोड, माया टॉकीज, आगरा रोड स्थित आवास विकास कॉलोनी तथा सरस्वती महाविद्यालय वाली गली का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी रोहित कुमार को नालों की सिल्ट की शीघ्र सफाई, जल निकासी की समुचित व्यवस्था बनाए रखने तथा जहां आवश्यकता हो वहां तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान जल निकासी व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाए और लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न होने दी जाए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशांत तिवारी, एसडीएम सदर राज बहादुर सिंह, अधिशासी अधिकारी रोहित कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।










