हाथरस। थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव मेंडू के निकट एक युवक पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घायल युवक ने आरोप लगाया कि कुछ नामजद लोगों ने उस पर फायरिंग की, जिसमें गोली उसकी नाक के पास से छूते हुए निकल गई। घटना के बाद मौके पर पहुंच पुलिस ने घायल को उपचार के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, अखईपुर निवासी विशाल पुत्र राजेश अपने एक दोस्त के साथ हाथरस आ रहा था। युवक का आरोप है कि रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे कुछ लोगों ने उस पर हमला कर फायरिंग कर दी। घायल विशाल ने बताया कि गोली उसकी नाक के पास से छूकर निकल गई, जिससे वह घायल हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। हालांकि, पुलिस प्रथम दृष्टया मामले को संदिग्ध मानते हुए इसे मारपीट की घटना भी मानकर सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।










