हाथरस। निजी लाइब्रेरी और कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कार्रवाई के बाद अब जिला प्रशासन ने सरकारी पुस्तकालय को बेहतर और आधुनिक बनाने की पहल शुरू कर दी है। शुक्रवार को जिलाधिकारी अतुल वत्स ने प्रशासनिक टीम के साथ रमनपुर स्थित राजकीय जिला पुस्तकालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने पुस्तकालय की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं और जरूरतें जानीं।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने कहा कि पुस्तकालय की सुविधाओं में सुधार ‘बॉटम-अप अप्रोच’ के तहत किया जाएगा। यानी सुविधाएं ऊपर से तय करने के बजाय पढ़ने वाले विद्यार्थियों की वास्तविक जरूरतों के आधार पर विकसित की जाएंगी। उन्होंने छात्रों से उनकी मांगों और सुझावों की सूची तैयार कर शाम तक पुस्तकालय अध्यक्ष के माध्यम से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
डीएम अतुल वत्स ने कहा कि सार्वजनिक पुस्तकालय को अधिक से अधिक समय तक संचालित करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि वर्तमान में पुस्तकालय करीब आठ घंटे संचालित होता है, जिसे बढ़ाकर 16 घंटे और रात 10 बजे तक किए जाने की योजना है।
इससे नौकरी या अन्य कार्य करने वाले अभ्यर्थियों को विशेष लाभ मिलेगा। ऐसे लोग दिन में काम करने के बाद शाम के समय तीन से चार घंटे पुस्तकालय में बैठकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे।
डीएम ने निर्देश दिए कि सार्वजनिक अवकाश और अन्य छुट्टियों के दौरान भी पुस्तकालय का कम से कम एक हॉल खुला रखा जाए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो। वर्तमान में पुस्तकालय में केवल एक हॉल का उपयोग किया जा रहा है।
राजकीय जिला पुस्तकालय को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने पर भी जोर दिया गया। पुस्तकालय में नए फर्नीचर के साथ हाई-स्पीड वाई-फाई की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है। आधुनिकीकरण के लिए सरकारी संसाधनों के साथ-साथ सीएसआर फंड का भी उपयोग किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने पुस्तकालय तक पहुंचने वाले मार्ग की बदहाल स्थिति को भी देखा। उन्होंने मुख्य मार्ग से पुस्तकालय तक जाने वाले एक्सेस रोड को जल्द दुरुस्त कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
सुरक्षित और बेहतर विकल्प उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी
जिलाधिकारी ने कहा कि जब निजी और असुरक्षित लाइब्रेरी व कोचिंग संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है, तो प्रशासन की जिम्मेदारी है कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर सरकारी विकल्प भी उपलब्ध कराए जाएं। इसी उद्देश्य से राजकीय पुस्तकालय की सुविधाओं में विस्तार और आधुनिकीकरण किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान एडीएम एफआर प्रशांत तिवारी, एसडीएम सदर राज बहादुर सिंह, पुस्तकालय अध्यक्ष डॉक्टर नीरज गोयल, ईओ नगर पालिका हाथरस रोहित सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।










