हाथरस।जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने सोमवार को जिला अस्पताल परिसर में बन रही नई इमरजेंसी का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों के भर्ती होने, बेड, ऑक्सीजन, पार्किंग व अन्य सुविधाओं की जानकारी सीएमओ डॉ. वेद प्रकाश अग्रवाल से ली। इस दौरान चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सूर्य प्रकाश समेत स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
डीएम ने बताया कि करीब दो माह से इमरजेंसी को दूसरी बिल्डिंग में शिफ्ट करने की तैयारी चल रही है। नई इमरजेंसी में 18 से 20 बेड लगाए जा सकेंगे और मरीजों व स्टाफ के लिए पर्याप्त सुविधाएं होंगी। भवन का करीब 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और जल्द ही इमरजेंसी को शिफ्ट किया जाएगा।
डीएम ने अस्पताल के पीछे स्थित राजकीय विद्यालय, जिला पुस्तकालय, डीआईओएस और बीएसए कार्यालय की ओर जाने वाले खराब रास्ते का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि बेहतर आवागमन के लिए अस्पताल की बराबर से रास्ता बनाने की संभावना देखी जा रही है। होम्योपैथिक व आयुर्वेदिक चिकित्सालयों को भी अन्य स्थान पर शिफ्ट करने पर विचार है।










