हाथरस में अवैध शराब तस्करी के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामिया आरोपी को एसओजी और सिकन्द्राराऊ पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी विजय कुमार वर्ष 2024 में 244 पेटी अवैध शराब तस्करी के मामले में वांछित चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
आरोपी विजय कुमार हरियाणा के हिसार जनपद के अग्रोहा थाना क्षेत्र के चिकनवास गांव का रहने वाला है।
बताया गया है कि 8 अक्टूबर 2024 को अलीगढ़-एटा मार्ग पर फौजी ढाबा के पास चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध आयशर ट्रक पकड़ा गया था।
ट्रक की जांच में फर्जी ई-वे बिल और फर्जी नंबर प्लेट की आड़ में परिवहन की जा रही 299 पेटी अवैध विदेशी शराब बरामद हुई थी। शराब इम्पीरियल ब्लू ब्रांड की थी और केवल गोवा राज्य में बिक्री के लिए अनुमन्य थी।
इस मामले में विजय कुमार लगातार फरार चल रहा था। पुलिस ने आज 16 सितंबर 2026 को उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ सिकन्द्राराऊ थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है और गिरफ्तारी के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक शिव कुमार शर्मा के नेतृत्व में थाना सिकन्द्राराऊ पुलिस और एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक धीरज गौतम की टीम ने की।










