सासनी की बेटी मेघना चौधरी का भारतीय ड्यूबाल टीम में हुआ चयन,बांग्लादेश के खिलाफ आगरा में दिखाएंगी जलवा

0
10

सासनी।क्षेत्र के लिए एक बेहद गर्व और हर्ष का क्षण सामने आया है। सासनी क्षेत्र के छोटे से गांव भोजगढ़ी की रहने वाली और किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाली 18 वर्षीय मेधावी बेटी मेघना चौधरी पुत्री चौधरी सरजू सिंह का चयन सोमवार को भारतीय ड्यूबॉल टीम में हो गया है। मंगलवार और आज बुधवार को उनका स्वागत सम्मान करने वालों की भीड़ लग गई। राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने के बाद अब मेघना भारत की जर्सी पहनकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

मेघना का मुकाबला आगामी 20 सितंबर से 22 सितंबर 2026 तक आगरा के बालूनी पब्लिक स्कूल में बांग्लादेश के खिलाफ होने वाली बहुप्रतीक्षित सीरीज में देखने को मिलेगा। बास्केटबॉल, हैंडबॉल और फुटबॉल के रोमांचक मिश्रण वाले इस अनूठे खेल ‘ड्यूबॉल’ (जिसकी शुरुआत भारत के नागपुर से हुई है) में मेघना अपनी अद्भुत खेल कला का प्रदर्शन करेंगी।

साधारण किसान परिवार में जन्मीं और पली-बढ़ी मेघना की यह सफलता संघर्ष और जज्बे की एक बेहतरीन मिसाल है। उनके पिता गांव में रहकर ही खेती-बाड़ी संभालते हैं। अपनी शुरुआती शिक्षा सासनी के ज्ञान अकेडमी से कक्षा 8 तक पूरी करने के बाद मेघना ने कक्षा 9 से इंटरमीडिएट की पढ़ाई एवीजी गुरुकुलम सासनी से पूरी की। वर्तमान में वह सासनी के अंजू प्रियंका डिग्री कॉलेज से बीए प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही हैं। शिक्षा के साथ-साथ खेल के मैदान में भी उनका सफर शानदार रहा है। वह अब तक चार बार नेशनल और चार बार उत्तर प्रदेश की टीम के लिए खेल चुकी हैं।

फिलहाल मेघना अपने कोच एवं मेंटोर चौधरी दिलीप सिंह के मार्गदर्शन में सासनी के ज्ञान अकेडमी स्कूल में आगामी आगरा सीरीज के लिए दिन-रात कड़ी मेहनत और पसीना बहा रही हैं। अपनी इस बड़ी उपलब्धि का पूरा श्रेय वह अपने माता-पिता, परिवारजनों और अपने गुरु व कोच को देती हैं। उनकी इच्छा है कि वह सासनी का मान बढ़ाने के साथ-साथ पूरे देश का नाम दुनिया भर में रोशन करें।
बेटी के भारतीय टीम में चुने जाने की खबर मिलते ही उनके पैतृक गांव भोजगढ़ी सहित पूरे सासनी क्षेत्र, परिजनों और रिश्तेदारों में दीवाली जैसा जश्न और खुशी का माहौल है। हर कोई अपनी इस होनहार बेटी को शुभकामनाएं दे रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here