सासनी।हाथरस के सासनी क्षेत्र में गुहाना चौकी के पास गुरुवार सुबह एक हादसे में ट्रेन से गिरकर करीब 40 साल के एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिवार में दुख का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, गांव नया नगला निवासी जगदीश (40 वर्ष) पुत्र चरण सिंह गुरुवार सुबह सासनी रेलवे स्टेशन से अलीगढ़ जाने के लिए पैसेंजर ट्रेन में सवार हुए थे। जैसे ही ट्रेन गुहाना चौकी के पास पहुंची, जगदीश का संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गए। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की खबर मिलते ही घटनास्थल पर ग्रामीण जमा हो गए। ग्रामीणों में से किसी ने मृतक की पहचान कर उनके परिजनों को सूचना दी। परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और जगदीश का शव देखकर उनका बुरा हाल हो गया।
बताया गया है कि जगदीश मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का गुजारा करते थे। उनकी शादी करीब 17 साल पहले हुई थी। उनके परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं। बेटी का विवाह हो चुका है, जबकि बेटा नोएडा की एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है और अविवाहित है।
घटना की सूचना मिलते ही गोहाना चौकी इंचार्ज जोगिंदर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चौकी इंचार्ज ने बताया कि शुरुआती जांच में यह मामला ट्रेन से गिरने से मौत का लग रहा है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।










