हाथरस। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने विकास खण्ड मुरसान स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय खेड़ा बरामई का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शैक्षिक व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए निर्देश दिए कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी विद्यार्थी स्कूल ड्रेस पहनकर ही विद्यालय आएं।
निरीक्षण के समय कक्षा-6 में टेस्ट चल रहा था। एक छात्र की लेखनी सुंदर पाए जाने पर जिलाधिकारी ने उसे प्रोत्साहित करते हुए पेन भेंट किया। इसके बाद उन्होंने अध्यापक उपस्थिति पंजिका, छात्र उपस्थिति पंजिका एवं मध्यान्ह भोजन वितरण पंजिका का अवलोकन किया। कक्षा-6 में तीन छात्र बिना ड्रेस के पाए गए। इस पर प्रधानाचार्य ने बताया कि सात छात्रों के अभिभावकों के खातों में आधार लिंक न होने के कारण धनराशि स्थानांतरित नहीं हो सकी है। जिलाधिकारी ने खंड शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि अभिभावकों से संपर्क कर जल्द से जल्द आधार लिंक कराया जाए। साथ ही प्रधानाचार्य को निर्देशित किया गया कि जिन बच्चों के खातों में धनराशि पहुंच चुकी है, वे तुरंत ड्रेस क्रय कराएं।
निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि एक अनुदेशक पिछले एक सप्ताह से अनुपस्थित चल रही है। जिलाधिकारी ने शिक्षकों से अनुशासन, स्वच्छता एवं नैतिक मूल्यों पर विशेष ध्यान देने की अपील करते हुए कहा कि छात्रों के चरित्र निर्माण में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
प्रधानाचार्य सुरेश कुमार शर्मा ने बताया कि विद्यालय में कुल 09 स्टाफ तैनात है, जिसमें 01 प्रधानाध्यापक, 04 सहायक अध्यापक/अध्यापिका एवं 03 अनुदेशक शामिल हैं। विद्यालय में कुल 141 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं, जिनमें से निरीक्षण के समय 95 छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। मध्यान्ह भोजन एमडीएम मेन्यू के अनुसार वितरित किया गया।
अंत में जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने एवं बेहतर शैक्षिक गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।







