परीक्षा देने पहुंचे बीए के छात्र के साथ कथित तौर पर गाली गलौज और मारपीट किए जाने के मामले में पुलिस से हुई शिकायत

0
14

 

हसायन कोतवाली क्षेत्र के कस्बा हसायन स्थित एक महाविद्यालय में परीक्षा देने पहुंचे बीए के छात्र के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज और मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित छात्र ने शिक्षकों पर परीक्षा में नकल कराने के नाम पर रुपये मांगने और पैसे न देने पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत पुलिस से की गई है।

जानकारी के अनुसार, हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव ऐंहन निवासी वरूण सोनी बीए फोर्थ सेमेस्टर का छात्र है। उसका परीक्षा केंद्र कस्बा हसायन स्थित श्रीमती जलधारा देवी महाविद्यालय में बनाया गया था।

बुधवार को वह ज्योग्राफी विषय की परीक्षा देने के लिए केंद्र पर पहुंचा था।
पीड़ित छात्र का आरोप है कि परीक्षा के दौरान तबीयत खराब होने पर वह सीट पर सिर रखकर बैठ गया।

इसी दौरान एक शिक्षक ने उसे डांटते हुए उठाया और विरोध करने पर अन्य स्टाफ को बुला लिया। छात्र का कहना है कि उसे दूसरे कमरे में ले जाकर कई शिक्षकों ने मारपीट की, जिससे उसकी आंख में चोट आई है।

वरूण सोनी ने यह भी आरोप लगाया कि परीक्षा में नकल कराने के लिए उससे कई दिनों से रुपये मांगे जा रहे थे। रुपये न देने पर उसके साथ मारपीट की गई।

घटना के बाद छात्र अपने साथियों के साथ हसायन कोतवाली पहुंचा और पुलिस को लिखित तहरीर दी। वरिष्ठ उपनिरीक्षक आदेश पाल सिंह ने बताया कि छात्र को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here