हाथरस। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के संविदा कर्मचारी संघ के बैनर तले दो माह से मानदेय न मिलने के विरोध में संविदा कर्मचारियों ने जिला अस्पताल परिसर स्थित इमरजेंसी के सामने शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन करते हुए कार्य बहिष्कार किया। कर्मचारियों ने फर्श पर बैठकर अपनी मांगों को लेकर विरोध जताया।
संविदा कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि पिछले दो माह से मानदेय न मिलने के कारण एनएचएम के संविदा कर्मियों को अपने परिवार का पालन-पोषण करने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में कई बार अधिकारियों को ज्ञापन और शिकायती पत्र दिए गए, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकल सका है।
कर्मचारियों ने सरकार और संबंधित अधिकारियों से जल्द से जल्द रुका हुआ मानदेय जारी करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आगे भी आंदोलन जारी रखा जाएगा।
धरना प्रदर्शन में मुख्य रूप से विश्व दीप शर्मा, भारत चौधरी, नीलमा हांसदा, डॉ. हेमंत चौहान, डॉ. शिवम सिसोदिया, सचिन शेखावत, पुनीत वार्ष्णेय, चंद्रकांता, लक्ष्मी, बंटी सहित अन्य संविदा कर्मचारी मौजूद रहे।









