सासनी के गांव लुटसान में रविवार को एक 20 वर्षीय विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, बुलंदशहर जनपद के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के गांव मुल्लानी निवासी अरुण की पत्नी निशा (20) की शादी करीब चार महीने पहले हुई थी। वह वर्तमान में सासनी के गांव लुटसान स्थित अपने मायके आई हुई थी।
रविवार को मायके में ही उसने संदिग्ध परिस्थितियों में किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। जैसे ही परिजनों को इसकी जानकारी हुई और निशा की हालत बिगड़ने लगी, घर में हड़कंप मच गया। परिजन उसे आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए।
चिकित्सकों ने महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार दिया और बेहतर इलाज के लिए उसे बागला जिला अस्पताल रेफर कर दिया। समाचार लिखे जाने तक महिला की हालत चिंताजनक बनी हुई थी और घटना के कारणों का अभी पूरी तरह पता नहीं चल सका है।









