हाथरस। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता परखने के लिए रविवार को मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव राय ने मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नगला मनी और बामोली, ब्लॉक मुरसान का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाएं, साफ-सफाई, दवा उपलब्धता और मरीजों के उपचार की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नगला मनी में निरीक्षण के दौरान आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. सौरभ उपाध्याय, फार्मासिस्ट हरीश उपाध्याय, एलटी सोमेश राजपूत तथा वार्ड बॉय दिनेश पाठक उपस्थित मिले। केंद्र पर साफ-सफाई एवं पेयजल व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। ओपीडी में 18 मरीजों का उपचार किया जा चुका था, जिनमें दो मरीजों की ब्लड शुगर एवं हाइपरटेंशन जांच तथा एक मरीज की ब्लड जांच की गई।
ईडीएल मानक के अनुसार 195 दवाओं के सापेक्ष 175 दवाएं उपलब्ध मिलीं। सीएमओ ने फार्मासिस्ट को निर्देश दिए कि ओपीडी में आने वाले मरीजों की संख्या बढ़ाने के लिए आवश्यक प्रयास सुनिश्चित किए जाएं। अप्रैल माह में यहां 8 गर्भवती महिलाओं का सफल प्रसव कराया जा चुका है। परिवार नियोजन कार्यक्रम के अंतर्गत सभी आवश्यक सामग्री उपलब्ध मिली और कंडोम बॉक्स भी भरा हुआ पाया गया।
इसके बाद सीएमओ ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बामोली का निरीक्षण किया। यहां प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश उपाध्याय, स्टाफ नर्स प्रीति, फार्मासिस्ट यतेंद्र पाठक एवं एलटी अंकुश गुप्ता उपस्थित पाए गए। ओपीडी में 25 मरीजों का उपचार किया जा चुका था। एक मरीज की एएनसी तथा एक मरीज की ब्लड और शुगर जांच की गई थी। केंद्र पर साफ-सफाई एवं पेयजल व्यवस्था संतोषजनक मिली। ईडीएल मानक के अनुरूप 195 में से 188 दवाएं उपलब्ध पाई गईं। लैब टेक्नीशियन अंकुश गुप्ता ने बताया कि केंद्र पर मलेरिया, डेंगू, हीमोग्लोबिन और हेपेटाइटिस सहित विभिन्न रोगों की जांच की जा रही है।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने दोनों स्वास्थ्य केंद्रों पर मौजूद स्वास्थ्यकर्मियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार देने के निर्देश दिए।









