हाथरस।यूपी के हाथरस में पुलिस ने गूगल मैप की मदद से अंतर्जनपदीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 3 शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है, पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7 चोरी की बाइक और तमंचा व कारतूस को बरामद किया है।
आपको बता दें जनपद हाथरस में लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा करने में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है, एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में थाना हसायन पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंतर्जनपदीय वाहन चोर गिरोह के तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7 चोरी की बाइक, एक तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार बदमाश लंबे समय से जिले में सक्रिय थे और अलग-अलग क्षेत्रों से वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह चोरी किए गए वाहनों को बेचकर घर का खर्च चलाते थे।
वाहन चोर गिरोह तक पहुंचने के लिए पुलिस ने आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया। जिले में जहां-जहां वाहन चोरी की घटनाएं हुई थीं, उन स्थानों को गूगल मैप पर चिन्हित कर रेड जोन तैयार किया गया। इसके साथ ही डायल 112 और अन्य तकनीकी डाटा का विश्लेषण कर पुलिस ने बदमाशों की गतिविधियों पर नजर रखी और जाल बिछाकर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और चोरी की अन्य घटनाओं के बारे में जानकारी जुटा रही है।









