सासनी के निकटवर्ती गांव तिलौटी में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठन के विस्तार और आगामी कार्यक्रमों को लेकर गहन विचार-विमर्श किया गया।
भाजपा प्रदेश संगठन के निर्देशानुसार आयोजित इस बैठक में आगामी संगठनात्मक गतिविधियों और चुनाव की तैयारियों को लेकर जमीनी स्तर पर रणनीति तैयार की गई। बैठक में समस्त शक्ति केंद्रों के प्रभारी, संयोजक और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। तिलौटी शक्ति केंद्र प्रभारी दीपेश वर्मा की अध्यक्षता और संयोजक दिनेश कुमार पांडे के नेतृत्व में आयोजित इस बैठक में वक्ताओं ने संगठन की मजबूती के लिए बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की सक्रियता पर विशेष जोर दिया।
वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की असली ताकत उसके बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की निष्ठा और कार्यकुशलता पर निर्भर करती है, इसलिए सभी को पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ संगठनात्मक कार्यों में जुटना होगा। बैठक के समापन पर उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक गतिशील व मजबूत बनाने के लिए पूरी मेहनत तथा सक्रियता के साथ धरातल पर कार्य करने का सामूहिक संकल्प लिया।









