हाथरस। थाना सहपऊ क्षेत्र में मानिकपुर के निकट मालगाड़ी की चपेट में आने से एक साधु की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बाद में मृतक की पहचान होने पर परिजन पोस्टमार्टम गृह पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार, 60 वर्षीय महिपाल पुत्र रामदीन निवासी गांव चोला, थाना भरथना, जनपद इटावा, क्षेत्र में आयोजित भागवत कथा में शामिल होने आए थे। बताया जाता है कि रेलवे फाटक पार करते समय वह मालगाड़ी की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।








