सिकंद्राराऊ:प्रशासन ने अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए देर रात छापेमारी कर एक मिट्टी खोदने वाली मशीन और एक आयशर ट्रैक्टर को पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार सिकंद्राराऊ क्षेत्र के गांव बसई बाबस में अवैध खनन की सूचना मुखबिर के माध्यम से प्रशासन को मिली थी। बताया गया कि गांव में आधा दर्जन ट्रैक्टर और एक मिट्टी खोदने वाली मशीन से अवैध खनन किया जा रहा है।
सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नायब तहसीलदार राकेश शर्मा एवं टीम के साथ रात्रि करीब एक बजे मौके पर छापेमारी की। प्रशासनिक टीम को देखकर कई ट्रैक्टर चालक मौके से भागने में सफल रहे, लेकिन टीम ने मौके से एक मिट्टी खोदने वाली मशीन और एक आयशर ट्रैक्टर को पकड़ लिया।
उपजिलाधिकारी ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि शासन के स्पष्ट निर्देश हैं कि अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति अवैध खनन करते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध खनन करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।








