हाथरस। थाना सासनी क्षेत्र के गांव शाहपुर खुर्द में घरेलू विवाद के बाद एक युवक ने नशे की हालत में ब्लेड से अपना गला काट लिया। घटना से परिवार में हड़कंप मच गया। गंभीर रूप से घायल युवक को पड़ोसियों की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार शाहपुर खुर्द निवासी 26 वर्षीय विष्णु पुत्र संतोष कुमार की किसी बात को लेकर परिजनों से कहासुनी हो गई थी। बताया जा रहा है कि विवाद के बाद युवक ने नशे की हालत में ब्लेड से अपने गले पर वार कर लिया। युवक को लहूलुहान हालत में देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
पड़ोसियों ने आनन-फानन में घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद युवक को भर्ती कर लिया। वहीं घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।









