हाथरस।उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में यूटर्न की वजह से एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। वृंदावन से भंडारा करके बदायूं लौट रहे श्रद्धालुओं की इको कार गलत दिशा और सड़क पर बने यू-टर्न की वजह से हादसे का शिकार हो गई।
हादसे में कार सवार सभी छह श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदराराऊ में भर्ती कराया गया है, जहां कई श्रद्धालुओं की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना थाना सिकंदराराऊ क्षेत्र के गांव गढ़िया इकबालपुर स्थित मंडी समिति के निकट की है। बताया जा रहा है कि रात करीब 11:30 बजे इको कार में सवार श्रद्धालु मथुरा-वृंदावन से भंडारा कर बदायूं लौट रहे थे, हाथरस-सिकंदराराऊ रोड पर सड़क निर्माण कार्य चलने के कारण रास्ते में डायवर्जन किया गया था। स्पष्ट संकेतक न होने के कारण कार चालक रास्ता भटककर एटा रोड की ओर पहुंच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जब चालक ने मंडी समिति के पास वापस लौटने के लिए यू-टर्न लिया, तभी एटा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने इको कार में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के पीछे बैठे महिला श्रद्धालु वाहन में बुरी तरह फंस गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही तहसीलदार, नायब तहसीलदार और थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने भारी मशक्कत के बाद घायलों को कार से बाहर निकाला और तत्काल एंबुलेंस की मदद से सीएचसी सिकंदराराऊ भिजवाया।
हादसे के बाद मार्ग पर लंबा जाम लग गया और एक तरफ का यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारु कराया। अधिकारियों ने बताया कि स्थिति अब सामान्य है और मामले की जांच की जा रही है।
वहीं स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण कार्य के दौरान पर्याप्त संकेतक और सुरक्षा व्यवस्था न होने पर नाराजगी जताई है। लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है और प्रशासन को जल्द उचित संकेतक व सुरक्षा इंतजाम करने चाहिए।









