सासनी। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन और नवाचार को बढ़ावा देने के प्रयासों के तहत सासनी ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय नगला जाटव को ‘निपुण विद्यालय’ घोषित किया गया है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए जिलाधिकारी ने बुधवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में विद्यालय के प्रधानाध्यापक डॉ. दयाराम को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया और उनके समर्पण की सराहना की।
इस अवसर पर डॉ. दयाराम ने जिलाधिकारी को अपने द्वारा लिखित एक विशेष शोध पुस्तक भेंट की। यह पुस्तक पूर्व माध्यमिक और माध्यमिक विद्यालयों के छात्रों के लिए स्वाध्याय में इंटरनेट के महत्व, उसके उपयोग के सटीक उपायों और प्रभावों पर केंद्रित है। डॉ. दयाराम ने बताया कि पुस्तक में इस बात का गहराई से अध्ययन किया गया है कि किस प्रकार इंटरनेट के माध्यम से बेसिक शिक्षा के बच्चों की पढ़ाई को प्रभावी बनाया जा सकता है और भविष्य की चुनौतियों के लिए उन्हें तैयार किया जा सकता है। उन्होंने बच्चों को खेल-खेल में शिक्षा देने की आधुनिक पद्धतियों का भी अपनी पुस्तक में विशेष जिक्र किया है, जिसकी जिलाधिकारी ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
प्रधानाध्यापक ने गर्व के साथ साझा किया कि उनके विद्यालय के बच्चों को इस स्तर पर तैयार किया गया है कि वे किसी भी निजी या सीबीएसई स्कूल के विद्यार्थियों को कड़ी टक्कर देने में सक्षम हैं। उनकी इसी मेहनत का सुखद परिणाम है कि विद्यालय के छात्र नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा में भी सफल हो रहे हैं। इस बड़ी उपलब्धि पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी स्वाति सिंह एवं खंड शिक्षा अधिकारी अखिलेश प्रताप सिंह ने विद्यालय की प्रगति पर हर्ष व्यक्त करते हुए शिक्षक के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। जिलाधिकारी ने डॉ. दयाराम के शैक्षणिक कार्यों और समाज के प्रति उनके योगदान को अन्य शिक्षकों के लिए प्रेरणादायक बताया।









