हाथरस के सिकंद्राराऊ कस्बे में रविवार रात एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान युवक की मौत के बाद जमकर हंगामा हो गया। नाराज परिजनों और समर्थकों ने अस्पताल में तोड़फोड़ की और कुछ युवकों के साथ मारपीट भी की। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची तथा स्थिति को नियंत्रित किया।
मोहल्ला नौरंगाबाद निवासी साबिर शनिवार को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे थे। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया था, लेकिन रविवार सुबह तबीयत बिगड़ने पर परिजन दोबारा उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे।
चिकित्सकों ने हालत गंभीर बताते हुए साबिर को अलीगढ़ रेफर करने की सलाह दी थी, लेकिन परिजनों ने स्थानीय स्तर पर ही इलाज जारी रखने का आग्रह किया। रविवार रात उपचार के दौरान साबिर की मौत हो गई।
मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए और उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। हंगामे के दौरान नयागंज बाजार के कुछ युवकों के साथ मारपीट भी हुई, जिसमें कई लोग घायल हो गए। अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना पर एसडीएम संजय कुमार, सीओ अमित पाठक और कोतवाली पुलिस भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति संभालते हुए भीड़ को शांत कराया। मामले में जांच की जा रही है।









