अंशकालिक अनुदेशक सम्मान समारोह व बड़े हुए मानदेय वितरण कार्यक्रम के साथ नवनियुक्त आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों और मुख्य सेविकाओं को स्मार्टफोन वितरण समारोह का हुआ आयोजन

0
7

 

हाथरस।सेंट फ्रांसिस इंटर कॉलेज (सीनियर विंग) के ऑडिटोरियम में शनिवार को अंशकालिक अनुदेशक सम्मान समारोह एवं बढ़े हुए मानदेय वितरण कार्यक्रम के साथ नव नियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और मुख्य सेविकाओं को स्मार्टफोन वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश सरकार की महिला कल्याण, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार मंत्री एवं जनपद की प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य ने की।

कार्यक्रम में सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि, सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर, सादाबाद विधायक प्रदीप कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, जिलाधिकारी अतुल वत्स, पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा तथा मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के वर्चुअल उद्बोधन के साथ हुआ। इस दौरान शिक्षा पर आधारित लघु फिल्म और छात्रों के उन्नयन हेतु तैयार कैलेंडर का विमोचन भी किया गया। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय सादाबाद की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर सभी का स्वागत किया।

मंचासीन अतिथियों ने अनुदेशकों को बढ़े हुए मानदेय से संबंधित डेमो चेक वितरित किए तथा नव नियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं मुख्य सेविकाओं को स्मार्टफोन प्रदान कर शुभकामनाएं दीं। साथ ही आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य ने कहा कि अनुदेशकों का मानदेय 9 हजार रुपये से बढ़ाकर 17 हजार रुपये किया जाना सरकार की संवेदनशीलता और शिक्षकों के सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि अनुदेशकों ने बिना किसी आंदोलन के अपने उत्कृष्ट कार्यों से सरकार और मुख्यमंत्री का विश्वास जीता है।

उन्होंने शिक्षकों से बच्चों की शिक्षा के साथ-साथ उनके संस्कार, प्रतिभा और व्यक्तित्व विकास पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को मोबाइल की लत से दूर कर खेल, संगीत, चित्रकला, वाद-विवाद और सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ना समय की आवश्यकता है।

सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि, विधायक अंजुला सिंह माहौर और विधायक प्रदीप कुमार ने भी अनुदेशकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और शिक्षकों के हितों के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने ऑपरेशन कायाकल्प, स्मार्ट शिक्षा और विद्यालयों में बढ़ी सुविधाओं का भी उल्लेख किया।

जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कहा कि जनपद की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में शिक्षकों और अनुदेशकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि बच्चों में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करना समय की आवश्यकता है।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम की सराहना भी की।
समापन अवसर पर मंच पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को स्मृति चिन्ह एवं मुंशी प्रेमचंद द्वारा लिखित पुस्तक “गोदान” भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में शिक्षक एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here