हाथरस।भोपाल में नवविवाहिता दिविशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने भोपाल पुलिस और प्रशासन पर भी प्रभाव में काम करने का आरोप लगाया है।
परिजनों के अनुसार दिविशा शर्मा की शादी 5 महीने पहले 9 दिसंबर 2025 को भोपाल के एक प्रतिष्ठित परिवार में हुई थी। मृतका के पति सामर्थ्य सिंह की मां रिटायर्ड जज बताई जा रही हैं। पिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था।
परिवार का कहना है कि 12 मई को दिविशा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या बता रहा है, जबकि मायके पक्ष का आरोप है कि दिविशा की हत्या कर शव को फंदे से लटकाया गया। परिजनों ने दावा किया कि उनके पास बेटी के उत्पीड़न से जुड़े व्हाट्सएप चैट और कॉल रिकॉर्डिंग मौजूद हैं।
मृतका के पिता ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि प्रभावशाली परिवार होने के कारण जांच प्रभावित की जा रही है। इसी वजह से परिवार ने दोबारा निष्पक्ष डॉक्टरों की टीम से पोस्टमार्टम कराने की मांग की है।
परिजनों ने मामले की जांच दिल्ली हाई कोर्ट की निगरानी में कराए जाने की मांग उठाई है। साथ ही उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की अपील की है।









