थाना सादाबाद पुलिस को सनसनीखेज हत्या कांड में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने जिला कारागार अलीगढ़ में निरुद्ध दो अभियुक्तों को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर उनकी निशानदेही से घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल बरामद किए हैं।
मामला 5 फरवरी 2026 का है, जब थाना सादाबाद क्षेत्र के आगरा-अलीगढ़ रोड स्थित चन्द्रा फार्म हाउस के पास भारतीय सेना के जवान अखिलेश कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
घटना के संबंध में मृतक की बहन डौली कुमारी ने थाना सादाबाद में तहरीर देकर बताया था कि उसका भाई हाथरस न्यायालय से तारीख करके अपने मित्र की कार से आगरा की ओर जा रहा था। तभी ईको कार और मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हाथरस श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा ने आरोपियों की गिरफ्तारी और बरामदगी के निर्देश दिए थे। थाना सादाबाद पुलिस द्वारा अब तक इस हत्याकांड में शामिल 10 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
वहीं अभियुक्त रवि उर्फ गट्टे और सौरभ ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था। माननीय न्यायालय के आदेश पर दोनों अभियुक्तों को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो तमंचे 315 बोर, दो खोखा कारतूस तथा दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
थाना सादाबाद पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।









