हाथरस में दवा व्यापारियों ने 20 मई 2026 को जिले की सभी मेडिकल स्टोर और दवा दुकानों को बंद रखने का ऐलान किया है।
यह निर्णय ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ कैमिस्ट एण्ड ड्रगिस्ट (AIOCD) और उत्तर प्रदेश की संस्था OCDUP के आह्वान पर लिया गया है।
जिला हाथरस कैमिस्ट एण्ड ड्रगिस्ट एसोसिएशन द्वारा इस संबंध में एक ज्ञापन भारत सरकार के स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के नाम जिलाधिकारी को सौंपा गया।
दवा व्यापारियों का कहना है कि ऑनलाइन दवा बिक्री, कॉर्पोरेट कंपनियों द्वारा भारी डिस्काउंट और नकली दवाओं की बिक्री से छोटे व्यापारियों का कारोबार प्रभावित हो रहा है। इन्हीं मुद्दों के विरोध में 20 मई बुधवार को हाथरस जिले की समस्त दवा दुकानें बंद रखी जाएंगी।
एसोसिएशन ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की है कि सरकार इन समस्याओं पर जल्द ठोस कदम उठाए, ताकि दवा व्यापारियों के हित सुरक्षित रह सकें।









