हाथरस। थाना सहपऊ कस्बे के मोहल्ला होलीगेट में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के भाई ने उसके पति पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मोहल्ला होलीगेट निवासी 30 वर्षीय कीर्ति पत्नी सोमेश अपने घर में संदिग्ध हालत में बेहोश पड़ी मिली। बताया गया है कि उसका पति सोमेश गांव मानिकपुर में लगने वाली साप्ताहिक पेंठ में सब्जी बेचने गया हुआ था। देर रात जब वह घर लौटा तो कीर्ति अचेत अवस्था में मिली। इसके बाद परिजन उसे उपचार के लिए कस्बे के एक निजी चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर कासगंज से मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए और हंगामा करने लगे। मृतका के भाई प्रेमचंद ने आरोप लगाया कि सोमेश ने कीर्ति को विषाक्त पदार्थ देकर उसकी हत्या की है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सोमेश शराब के नशे में अक्सर कीर्ति के साथ मारपीट करता था।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









