हाथरस में बुधवार को जिलाधिकारी अतुल वत्स ने जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीएम के अचानक अस्पताल पहुंचने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव राय और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सूर्य प्रकाश भी मौके पर पहुंच गए और निरीक्षण में शामिल हुए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सबसे पहले ओपीडी पहुंचकर मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने पर्चा काउंटर की व्यवस्था देखी और मरीजों से बातचीत कर समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। इसके बाद डीएम ने चिकित्सक कक्ष, अल्ट्रासाउंड कक्ष और विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। अस्पताल परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर भी उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी अतुल वत्स ने अस्पताल में स्थापित ऑक्सीजन प्लांट का भी निरीक्षण किया और उसकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सभी स्वास्थ्य सेवाएं समय पर और बेहतर तरीके से उपलब्ध कराई जाएं।
करीब दो घंटे तक चले इस निरीक्षण के दौरान डीएम ने अस्पताल की व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की तथा मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मरीजों के उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।









