हाथरस में बहुजन मुक्ति पार्टी के कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रव्यापी “चूल्हा जलाओ आंदोलन” के तहत प्रदर्शन कर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर ओसी कलेक्ट्रेट को सौंपा। प्रदर्शन के दौरान बढ़ती एलपीजी गैस कीमतों और स्मार्ट मीटरों को लेकर भी विरोध जताया गया।
प्रदर्शन में शामिल महिला कार्यकर्ता अनीता ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 922 तक पहुंच गई है, जिससे गरीब और मजदूर वर्ग का घर चलाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने सरकार से घरेलू सिलेंडर की कीमत घटाकर 400 करने की मांग की है।
कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कमर्शियल गैस सिलेंडरों की ब्लैक मार्केटिंग हो रही है और वे 2000 से 3000 तक में बेचे जा रहे हैं। साथ ही गैस बुकिंग के बाद सिलेंडर मिलने में 25 दिन से लेकर एक महीने तक का समय लगने की शिकायत भी की गई।
प्रदर्शनकारियों ने स्मार्ट मीटरों का भी विरोध करते हुए कहा कि इन मीटरों में पारदर्शिता नहीं है और गलत रीडिंग के कारण उपभोक्ताओं को जरूरत से कई गुना अधिक बिजली बिल भेजे जा रहे हैं। उन्होंने पुराने बिजली मीटरों को दोबारा लगाने की मांग की।
बहुजन मुक्ति पार्टी नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन केवल हाथरस तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के 31 राज्यों के 625 जिलों में एक साथ चलाया जा रहा है। मांगें पूरी न होने पर आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी दी गई।









